पटना महावीर मंदिर में कल मनेगी देवोत्थान एकादशी शाम 6 बजे भगवान विष्णु की विशेष पूजा, रातभर होगा भजन-कीर्तन और जागरण !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में देवोत्थान एकादशी का पर्व इस बार भी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शुक्रवार यानी 20 नवंबर को मंदिर में भगवान विष्णु के जागरण का विशेष वार्षिक अनुष्ठान आयोजित होगा। शाम 6 बजे भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान मंदिर के पुरोहितों के साथ बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु शामिल होंगे। देवोत्थान एकादशी के साथ ही चार महीने से चल रहे चातुर्मास का भी समापन होगा।

हिंदू धर्म में देवोत्थान एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे हरिबोधिनी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी के दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त होता है।

पटना के महावीर मंदिर में इस अवसर पर विशेष वार्षिक पूजा का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पूर्व-दक्षिण कोण में स्थित भगवान विष्णु के विग्रह के समक्ष शाम 6 बजे पूजा संपन्न होगी। इस दौरान भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की भी विधिवत आराधना की जाएगी।

विशेष पूजा में फल और कंद का लगेगा भोग

इस पूजा की एक खास परंपरा भी है। धार्मिक विधान के अनुसार भगवान को नैवेद्य के रूप में अन्न या तिल अर्पित नहीं किया जाता, बल्कि फल, मूल और कंद का भोग लगाया जाता है। पूजा के बाद श्रद्धालु भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए पारंपरिक वैदिक मंत्रों का सामूहिक पाठ करेंगे। इसके लिए श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ चौकी या पीढ़े को तीन बार उठाने की परंपरा निभाएंगे।

रातभर होगा भजन-कीर्तन और जागरण

विशेष पूजा के बाद श्रद्धालु अपनी स्थानीय परंपराओं के अनुसार भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण करेंगे। अगले दिन द्वादशी तिथि को तुलसीदल से व्रत का पारण किया जाएगा। इसी अवसर पर देश के कई हिस्सों में भगवान विष्णु और माता तुलसी के विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है।

महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि इस वर्ष भी मंदिर में देवोत्थान एकादशी धूमधाम से मनाई जाएगी।

NEWS PR DESK

Share This Article