NEWS PR डेस्क: पटना। ईरान में जारी युद्ध के कारण घरेलू गैस की संभावित कमी को लेकर देशभर में चिंता का माहौल है। इसी बीच साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए साइबर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर साइबर अपराधी लोगों को गैस दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बना सकते हैं।
साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गैस एजेंसी या गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के नाम पर सोशल मीडिया या ऑनलाइन माध्यमों से आने वाले किसी भी संदेश पर तुरंत भरोसा न करें। उन्होंने बताया कि कई साइबर ठग फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए गैस उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठ सकते हैं।
पुलिस के अनुसार साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। यदि किसी व्यक्ति को गैस दिलाने के नाम पर फेसबुक, व्हाट्सएप या किसी अन्य माध्यम से कोई संदेश या ऑफर मिलता है, तो उसकी जानकारी तुरंत साइबर पुलिस को देने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि गैस आपूर्ति में संभावित कमी को लेकर पटना समेत बिहार के कई जिलों में लोगों को गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे माहौल में साइबर ठग सक्रिय हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और सावधानी बरतें।