NEWS PR डेस्क: भागलपुर। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) के उप क्षेत्रीय कार्यालय, भागलपुर की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर निगम के वार्ड संख्या-9 स्थित भूतनाथ मंदिर परिसर के समीप झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सफाई अभियान को सफल बनाया।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बस्ती की गलियों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के परिसर की साफ-सफाई की। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए अपने घरों और आसपास के वातावरण को नियमित रूप से साफ रखने के लिए प्रेरित किया।
स्थानीय लोगों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
स्वच्छता अभियान में बस्ती की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के साथ मिलकर सफाई कार्य किया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
परिवारों को वितरित किए गए स्वच्छता किट
अभियान के समापन पर राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से बस्ती के जरूरतमंद परिवारों के बीच स्वच्छता किट का वितरण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
लोगों से अपील
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय का यह अभियान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सामुदायिक सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
