अनुज सिंह के नामांकन में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन, बोले- मेरे कैंडिडेट की जीत तय

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना स्नातक क्षेत्र के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को अनुज सिंह नामांकन दाखिल करने के लिए दारोगा राय पथ स्थित कर्पूरी बैंक्वेट हॉल से समर्थकों के साथ रवाना हुए। इस दौरान जदयू विधायक अनंत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। अनुज सिंह अनंत सिंह की खुली जीप पर सवार होकर नामांकन के लिए निकले। बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के बीच निकले इस काफिले को पटना में अनंत सिंह के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। अनुज सिंह को PK की ओर से पटना स्नातक क्षेत्र का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। उनका सीधा मुकाबला जदयू के नीरज कुमार से है।
अनंत सिंह बोले- जनता मालिक है
नामांकन के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि वह शुरू से अनुज सिंह के साथ हैं और उन्होंने ही अनुज सिंह को चुनाव लड़ने के लिए कहा था। जब उनसे पूछा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीरज कुमार के साथ हैं, तो अनंत सिंह ने कहा कि वे किसी को नहीं जानते और “जनता मालिक है।”


उन्होंने कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर उनका चार बार विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके प्रत्याशी की जीत होगी और बाकी प्रत्याशी हारेंगे। उन्होंने अपने राजनीतिक समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें हमेशा प्यार दिया है। काफिले के दौरान नीतीश कुमार, निशांत और ललन सिंह जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए।
घर पर बनाए गए 50 हजार रसगुल्ले
नामांकन को लेकर अनुज सिंह के समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बताया गया है कि अनुज सिंह के घर पर करीब 50 हजार रसगुल्ले तैयार किए गए हैं। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की उम्मीद है।
जदयू में भी बढ़ी सियासी हलचल
पटना स्नातक क्षेत्र के चुनाव को लेकर अनंत सिंह और जदयू MLC नीरज कुमार के बीच राजनीतिक मतभेद चर्चा में हैं। यह मामला जदयू के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने की बात भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी।
हालांकि, इसके बावजूद अनंत सिंह अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। अब अनुज सिंह के नामांकन के बाद पटना स्नातक क्षेत्र का चुनावी मुकाबला और अधिक चर्चा में आ गया है।

Share This Article