आज जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह, राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के लिए कोर्ट ने दी खास अनुमति

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह आज जेल से बाहर आएंगे। उन्हें अदालत ने राज्यसभा चुनाव में मतदान करने के लिए विशेष अनुमति दी है। वे पुलिस कस्टडी में विधानसभा पहुंचकर अपना वोट डालेंगे और मतदान के बाद फिर से जेल भेज दिए जाएंगे।

दरअसल, बिहार समेत देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान हो रहा है। बिहार की पांच सीटों के लिए सुबह 9 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इसी बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह को भी मतदान का अधिकार इस्तेमाल करने की इजाजत मिल गई है।

जानकारी के मुताबिक अनंत सिंह फिलहाल दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेल में बंद हैं। इस वजह से उनके मतदान को लेकर पहले संशय की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन अदालत के आदेश के बाद अब यह साफ हो गया है कि वे भी राज्यसभा चुनाव में अपनी भागीदारी निभाएंगे। कोर्ट के निर्देश के अनुसार उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा लाया जाएगा, जहां वे मतदान करेंगे और उसके बाद वापस जेल भेज दिए जाएंगे।

कानूनी रूप से देखें तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 62(5) के अनुसार जेल में बंद व्यक्ति सामान्य तौर पर मतदान नहीं कर सकता। हालांकि अदालत यदि विशेष अनुमति दे दे, तो वह मतदान कर सकता है। इसी प्रावधान के तहत अनंत सिंह को राज्यसभा चुनाव में वोट डालने की अनुमति दी गई है।

इस बीच बिहार में हो रहे राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। पांच सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव को सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्ष दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। एनडीए ने सभी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और सभी सीटों पर जीत का दावा कर रहा है।

वहीं विपक्ष की ओर से प्रतिपक्ष तेजस्वी के नेतृत्व में RJD भी एक सीट जीतने की रणनीति के साथ मैदान में है। पार्टी की ओर से एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

राजनीतिक गणित की बात करें तो एक उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 41 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। बिहार विधानसभा में एनडीए के पास लगभग 202 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में चार सीटों पर उसकी जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट के लिए मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

इसी वजह से हर एक वोट बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में अनंत सिंह को मतदान की अनुमति मिलना एनडीए के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। अगर वे वोट डालते हैं तो पांचवीं सीट के समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं।

फिलहाल सबकी नजर राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर टिकी हुई है, क्योंकि पांचवीं सीट को लेकर सियासी गणित काफी दिलचस्प बन गया है और अनंत सिंह का एक वोट भी इस मुकाबले में अहम साबित हो सकता है।

Share This Article