भागलपुर को मिली विकास की बड़ी सौगात, विक्रमशिला पुल और मरीन ड्राइव का ऐलान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क,:भागलपुर के आधारभूत ढांचे, यातायात और औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने विक्रमशिला पुल की मरम्मत, भागलपुर में मरीन ड्राइव के निर्माण और पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के विस्तार जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं से न केवल शहर की तस्वीर बदलेगी, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को भी नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विक्रमशिला पुल की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है। पुल की खराब स्थिति को देखते हुए पहले सेना की मदद से अस्थायी वैकल्पिक पुल शुरू कराया गया था। अब स्थायी मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग को 126 करोड़ रुपये उपलब्ध करा दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 30 नवंबर से पहले हर हाल में विक्रमशिला पुल को पूरी तरह चालू कर दिया जाए, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
मुंबई के मरीन ड्राइव की तर्ज पर भागलपुर में भी मरीन ड्राइव..
मुख्यमंत्री ने भागलपुरवासियों को एक और बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि मुंबई के मरीन ड्राइव की तर्ज पर भागलपुर में भी मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से शहर का सौंदर्य बढ़ेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी।
1600 मेगावाट और बढ़ाने की योजना …
औद्योगिक विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीरपैंती में निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट की क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले इस परियोजना की क्षमता 2400 मेगावाट निर्धारित थी, जिसे अब 1600 मेगावाट और बढ़ाने की योजना है।
करीब 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश
मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना के दोनों चरण पूरे होने पर इसमें करीब 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, बिजली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और भागलपुर सहित पूरे बिहार के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article