मखाना निर्यात से विकास की नई राह, राहुल गांधी की राजनीति पर कृषि मंत्री का निशाना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के मखाने के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। पटना के बिहटा औद्योगिक क्षेत्र से पहली बार बिहार से सीधे ऑस्ट्रेलिया के लिए मखाना भेजा गया। करीब 25 टन मखाने से लदे सात कंटेनर ट्रकों को कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है। देश के कुल मखाना उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी करीब 90 फीसदी है और अब बिहार का मखाना उत्तर अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों तक पहुंच रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि मखाना उत्पादक किसानों को उनकी मेहनत का अधिकतम लाभ मिले।
यह खास उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचे..
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पहले बिहार का मखाना मुंबई भेजा जाता था, जहां पैकेजिंग के बाद इसे विदेशों में निर्यात किया जाता था। अब सरकार की कोशिश है कि बिहार की मिट्टी में पैदा होने वाला यह खास उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचे। इसके लिए निर्यात की बेहतर व्यवस्था तैयार की जा रही है।
मखाना निर्यात की यह शुरुआत बिहार के लिए बहुत शुभ ..
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटी है और मखाना निर्यात की यह शुरुआत बिहार के लिए बहुत शुभ है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि बिहार में कृषि-आधारित उद्योगों का नया माहौल भी तैयार होगा।
उन्होंने इसे विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, पत्रकारों से बातचीत के दौरान कृषि मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं और उनकी राजनीति विकास के बजाय राजनीतिक मुद्दों पर आधारित है।
जनता विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की राजनीति को प्राथमिकता देती है..
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि देश की जनता विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की राजनीति को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता चरित्र, ईमानदारी और राष्ट्रहित की राजनीति को महत्व देती है। भ्रम फैलाने वाली राजनीति को जनता आने वाले समय में जवाब देगी। उन्होंने कहा कि चतुराई और राजनीतिक भ्रम पैदा करने वाली राजनीति को देश की जनता कतई स्वीकार नहीं करेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि देश की जनता विकास और राष्ट्र निर्माण की राजनीति को महत्व देती है। उन्होंने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए देश की युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की जरूरत है।पटना से पशुपति नाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article