भागलपुर: फंदे से लटका मिला महिला का शव, दहेज उत्पीड़न का आरोप

भागलपुर में 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या के आरोपों के बीच पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी।

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज गंगटी इलाके में एक 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान राजा कुमार पासवान की पत्नी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मुस्कान कुमारी अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मुंगेर से भागलपुर पहुंचे। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा मुस्कान की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।

वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article