बिहार में दूध और मछली उत्पादन बढ़ाने की बड़ी तैयारी, पशुपालकों को मिलेंगे उन्नत नस्ल के पशु

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 25 मई । बिहार सरकार ने पशुपालन, डेयरी और मत्स्य क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के पशुपालकों को कॉम्फेड के माध्यम से उन्नत नस्ल की गाय, भैंस और बकरी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस योजना में महिला पशुपालकों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि डेयरी और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए लक्ष्य आधारित कार्य योजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

सुधा के जरिए दूध उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुधा डेयरी के माध्यम से राज्य में दूध उत्पादन को मौजूदा 40 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 1 करोड़ 25 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में डेयरी सेक्टर में अपार संभावनाएं हैं और इसे रोजगार व ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़कर बड़े स्तर पर विकसित किया जा सकता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बिहार की मछली अब नेपाल और सीमावर्ती राज्यों तक पहुंचेगी

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने मत्स्य उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार के मत्स्य पालकों की मछलियों की पहुंच नेपाल और सीमावर्ती राज्यों के बाजारों तक सुनिश्चित की जाए। सरकार का लक्ष्य राज्य में मत्स्य उत्पादन को वर्तमान 9 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 25 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष तक पहुंचाने का है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का बड़ा माध्यम बन सकता है और इसके लिए आधुनिक तकनीक, बाजार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

विभाग ने प्रस्तुत किया रोडमैप

बैठक के दौरान डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने प्रस्तुतीकरण के जरिए विभाग की विभिन्न योजनाओं और भविष्य की कार्य योजनाओं की जानकारी दी। इसमें पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह सहित डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग और सहकारिता विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article