T20 वर्ल्ड कप खेलकर गृह जिला पहुंचे सोहैब खान,एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

गया के लाल ने बढ़ाया बिहार का मान, स्वागत में उमड़ा पूरा शहर

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गया। इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले गया के लाल सोहैब खान का रविवार को गृह जिला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समर्थकों, परिजनों और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के बीच पूरे एयरपोर्ट परिसर में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला।


हाल ही में यूएई टीम की ओर से T20 वर्ल्ड कप खेलने वाले इंटरनेशनल क्रिकेटर सोहैब खान के स्वागत के लिए सुबह से ही लोग एयरपोर्ट पर जुटने लगे थे। जैसे ही वे एयरपोर्ट से बाहर निकले, समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान मशहूर अभिनेता अली खान, टिकारी विधायक अजय दांगी समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


मीडिया से बातचीत करते हुए सोहैब खान ने कहा कि गया और मगध के लोगों का प्यार उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से वे आते हैं वहां क्रिकेट की बेहतर सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन परिवार के सहयोग और अपने जुनून की बदौलत उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई और पूरे परिवार को दिया।

अर्धशतक पूरा करना उनके करियर का सबसे खास क्षण
सोहैब खान ने यूएई टीम की ओर से T20 वर्ल्ड कप खेलने के अनुभव को अपने जीवन का सबसे यादगार पल बताया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा करना उनके करियर का सबसे खास क्षण रहा। इस मौके पर अभिनेता और सोहैब खान के नाना अली खान ने कहा कि सोहैब की सफलता लगातार मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग का नतीजा है। उन्होंने कहा कि आज पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है।

बिहार सरकार से मांग की
वहीं सोहैब खान के पिता जुगनू खान ने बिहार सरकार से मांग की कि जिस तरह राज्य के अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया है, उसी प्रकार सोहैब खान को भी सम्मान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गया और मगध क्षेत्र के लिए गर्व का पल है।
टिकारी विधायक अजय दांगी ने कहा कि डुमरिया जैसे क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचना युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने सोहैब खान की मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सोहैब खान की इस उपलब्धि से पूरे मगध क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बिहार के और भी युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएंगे।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article