बिहार के वाहन मालिकों को बड़ी राहत! अब घर बैठे जमा होगा ट्रैफिक चालान, जानें पूरा तरीका

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार के वाहन मालिकों के लिए राहत भरी खबर है। अब ट्रैफिक चालान जमा करने के लिए न तो दफ्तरों के चक्कर लगाने होंगे और न ही लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। राज्य में जल्द ही डिजिटल भुगतान की नई सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके तहत लोग गूगल पे, फोन पे और पेटीएम जैसे लोकप्रिय पेमेंट एप के जरिए घर बैठे ही अपने ट्रैफिक चालान का भुगतान कर सकेंगे।

दरअसल, बिहार परिवहन विभाग 16 नवंबर से भारत बिल पेमेंट सिस्टम (BBPS) प्लेटफॉर्म शुरू करने की तैयारी में है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहन मालिक अपनी सुविधा के अनुसार डिजिटल पेमेंट एप या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से चालान की राशि जमा कर पाएंगे।
परिवहन विभाग में गुरुवार को इस नई व्यवस्था का डेमोस्ट्रेशन किया गया। विभाग के मुताबिक, BBPS प्लेटफॉर्म को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ने के लिए एनआईसी के माध्यम से एपीआई इंटीग्रेशन का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म की टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।

इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा आम वाहन मालिकों को मिलेगा। अब चालान भरने के लिए निर्धारित कार्यालय या पोर्टल पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन भुगतान से समय की बचत होगी और लेन-देन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य परिवहन सेवाओं को तकनीक आधारित बनाकर आम लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक करना है।
वहीं, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि शुरुआत में इस प्लेटफॉर्म पर केवल ट्रैफिक चालान भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी। भविष्य में परिवहन विभाग की अन्य भुगतान संबंधी सेवाओं को भी इससे जोड़ने की योजना है। ऐसे में 16 नवंबर से बिहार के वाहन मालिकों को ट्रैफिक चालान भरने के लिए एक नई और आसान डिजिटल सुविधा मिलने जा रही है।

Share This Article