NEWS PR डेस्क: मोतिहारी, 07 जून। पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ठगी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित लूट की योजना भी विफल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुगौली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भटहां गांव में छापेमारी की। इस दौरान नितेश कुमार नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से पुलिस की दो स्टार लगी वर्दी, पुलिस टोपी, चाकू और टॉर्च बरामद किए गए। बरामद सामान से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को झांसा देता था और ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पूछताछ के दौरान नितेश कुमार ने अपने अन्य साथियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों की पहचान की है। इस मामले में तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में पटना में 35 लाख रुपये की ठगी के एक मामले में भी शामिल रह चुका है। पुलिस का मानना है कि आरोपी संगठित गिरोह के साथ मिलकर अपराध की घटनाओं को अंजाम देता था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में मोतिहारी भेज दिया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
