NEWS PR डेस्क: पटना, 08 जून। बिहार सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक सोमवार शाम आयोजित होने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में काफी चर्चा है। खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में मंत्रिमंडल की बैठकें आमतौर पर मंगलवार को होती थीं, जबकि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अब तक अधिकांश बैठकें मंगलवार को ही आयोजित की गई थीं। ऐसे में सोमवार को बैठक बुलाए जाने को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में शाम 5 बजे बैठक शुरू होगी। इसमें मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव समेत विभिन्न विभागों के मंत्री शामिल होंगे।
माना जा रहा है कि बैठक में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी कई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास, नई सरकारी योजनाओं तथा प्रशासनिक सुधारों से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी मिल सकती है। सरकारी कर्मचारियों के हितों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण फैसलों की भी संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि पिछली कैबिनेट बैठक 3 जून को हुई थी, जिसमें 13 महत्वपूर्ण एजेंडों को स्वीकृति दी गई थी। उस बैठक में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए उत्तर और दक्षिण बिहार बिजली वितरण कंपनियों में दो-स्तरीय उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम गठित करने का निर्णय लिया गया था।
इसके अलावा मधुबनी जिले में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले अनाज भंडारण साइलो निर्माण, भोजपुर में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क की स्थापना, औरंगाबाद के नबीनगर में नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की स्थापना तथा बिहार कौशल विकास मिशन के लिए 19 नए पदों के सृजन जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई थी।
अब सभी की निगाहें आज शाम की बैठक पर टिकी हैं, जहां राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।
