अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डीएम कौशल कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन दरभंगा, कला एवं संस्कृति विभाग तथा महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में अंबेडकर सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के प्रति समाज को जागरूक करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था। इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक नेतृत्व, सामाजिक सेवा और प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और सामूहिक सहयोग के माध्यम से महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, पुलिस सेवा, उद्यमिता और सामाजिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बिहार सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इनमें सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जीविका दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर परिवारों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) चांदनी सिंह ने कहा कि शिक्षा महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। जब एक महिला शिक्षित होती है तो वह पूरे परिवार को जागरूक और शिक्षित बनाती है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, महिला अधिकार, पोषण, स्वास्थ्य और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति, महिला एवं बाल विकास निगम की योजनाएं, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन और वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि जीविका कार्यक्रम के माध्यम से जिले की हजारों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और स्वरोजगार व उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जीविका से जुड़ी महिलाएं, स्वयंसेवी संस्थाओं की प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article