बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी शेखर यादव को गुजरात की साणंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से बिहार के बांका जिले का रहने वाला है। जिसके खिलाफ मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री आवास पर एक फोन कॉल आया
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास पर एक फोन कॉल आया, जिसमें आरोपी ने सीधे तौर पर CM को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। धमकी मिलने के बाद बिहार पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। कॉल डिटेल और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिहार से बाहर छिपा हुआ है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
लगातार ट्रैकिंग के बाद आरोपी की लोकेशन गुजरात के सानंद में मिली। इसके बाद बिहार और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुजरात में मजदूरी करता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह धमकी क्यों दी। पुलिस इस पूरे मामले के पीछे की मंशा जानने में जुटी हुई है। गुजरात पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है।अब उसे बिहार लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी, गुजरात से आरोपी गिरफ्तार
Bihar Chief Minister Samrat Chaudhary receives death threat