थाईलैंड के जहाज पर हमले में बिहार के इंजीनियर की मौत, भागलपुर के गांव में छाया मातम

Neha Nanhe
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क : ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच एक थाई समुद्री जहाज पर हुए हमले में भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड के पाठकडीह रानी बमिया गांव निवासी मरीन इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह की मौत हो गई। इस दुखद खबर के मिलते ही गांव में मातम छा गया और ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी देखने को मिला।

बताया जाता है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के दौरान भारत की ओर आ रहे एक थाई जहाज पर हमला हुआ था। इसी हमले में सरयुग प्रसाद सिंह के पुत्र देवनंदन प्रसाद सिंह की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवार और गांव के लोगों में कोहराम मच गया। उनके छोटे भाई इंजीनियर कृष्णनंदन प्रसाद सिंह परिजनों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

ग्रामीणों के अनुसार देवनंदन सिंह अपनी पत्नी कुमकुम सिंह के साथ मुंबई में रहते थे, जहां उन्होंने अपना घर भी बना लिया था। उनके परिवार में एक बेटा क्षितिज कुमार और एक बेटी कोमल कुमारी हैं। दोनों बच्चे विदेश में काम करते हैं—एक जर्मनी और दूसरा जापान में।

गांव के लोगों ने बताया कि देवनंदन सिंह बेहद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। जब भी गांव आते थे, सभी से आत्मीयता से मिलते-जुलते थे। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में गहरा दुख है।

ग्रामीणों का कहना है कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता। इस संघर्ष में भारत का एक बेटा अपनी जान गंवा बैठा, जो बेहद दुखद और निंदनीय है।

गांव के रामकुमार सिंह, मदन सिंह और राम प्रवेश सिंह सहित कई लोगों ने घटना पर शोक जताया और युद्ध को लेकर आक्रोश भी व्यक्त किया। ग्रामीणों की मांग है कि देवनंदन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके गांव लाया जाए।

इधर भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, जिला कार्यालय मंत्री प्रदीप कुमार और जिला प्रवक्ता विनोद सिन्हा समेत अन्य नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से भागलपुर लाया जाए। साथ ही परिवार को उचित मुआवजा देने और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कराने की भी मांग की गई है।

नेताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा और एनडीए परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

इस मांग का समर्थन करने वालों में जिला महामंत्री नितेश सिंह, योगेश पांडे, भाजपा नेता भोला कुमार मंडल, शशि शंकर राय, अभय बर्मन, छठ पटिया मंडल के भाजपा अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह और कहलगांव विधानसभा के प्रभारी डॉ. रोशन सिंह सहित कई लोग शामिल हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article