BSEB ने जारी किया मैट्रिक और इंटर कंपार्टमेंट परीक्षा का रिजल्ट, इंटर में 55.31% और मैट्रिक में 57.18% पास

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 23 मई। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शनिवार को इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने औपचारिक रूप से रिजल्ट जारी किया। रिजल्ट घोषित होने के बाद कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इंटरमीडिएट विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 55.31 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। इसमें छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। इंटर परीक्षा में 59.29 प्रतिशत छात्राएं और 52.65 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए हैं।

वहीं मैट्रिक विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 57.18 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। इसमें 53.48 प्रतिशत छात्राएं और 57.84 प्रतिशत छात्र सफल रहे।

बिहार बोर्ड के मुताबिक इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 6498 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 3711 छात्रों ने सफलता हासिल की। दूसरी ओर मैट्रिक कंपार्टमेंट परीक्षा में 6034 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 3450 छात्र पास हुए हैं।

बोर्ड ने बताया कि मैट्रिक कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन 2 मई से 6 मई 2026 तक किया गया था, जबकि इंटरमीडिएट विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 मई से 11 मई तक आयोजित हुई थी। दोनों परीक्षाएं दो पालियों में ली गई थीं। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली थी।

छात्रों की सुविधा के लिए बिहार बोर्ड ने अलग-अलग वेबसाइट पर परिणाम उपलब्ध कराया है। इंटर के छात्र interbiharboard.com और मैट्रिक के छात्र Bihar Board Compartment Result Portal पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

गौरतलब है कि कंपार्टमेंट परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है जो मुख्य परीक्षा में एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाते हैं या किसी कारणवश नियमित परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। इस परीक्षा के माध्यम से छात्रों को दोबारा अवसर दिया जाता है ताकि उनका एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो।

Share This Article