NEWS PR डेस्क: जहानाबाद, 02 मई। बिहार के जहानाबाद जिले में विरासत संरक्षण को लेकर अहम पहल देखने को मिली। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने ज्ञान भारतम् मिशन के तहत काको प्रखंड के अली नगर पाली गांव में ऐतिहासिक पांडुलिपियों का निरीक्षण किया। ये पांडुलिपियां सैयद सलमान हुसैन के निजी आवास पर सुरक्षित रखी गई हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने फारसी लिपि में लिखित दस्तावेज, कैथी लिपि की पांडुलिपियां, कपड़े पर बने प्राचीन मानचित्र और स्वर्ण अक्षरों में लिखी कुरान शरीफ जैसी दुर्लभ धरोहरों को देखा। उन्होंने बताया कि ये सभी पांडुलिपियां मुगल काल से जुड़ी हुई हैं और इनका संरक्षण बेहद जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को देश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से जोड़ा जा सके।
जिला पदाधिकारी ने इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चाँदनी कुमारी को निर्देश दिया कि उपलब्ध सभी पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम् ऐप पर अपलोड कर उनके डिजिटलीकरण और संरक्षण की प्रक्रिया को तेज किया जाए।
गौरतलब है कि ज्ञान भारतम् मिशन के तहत देशभर में 75 वर्ष या उससे अधिक पुरानी पांडुलिपियों की पहचान, सर्वेक्षण, सूचीकरण (कैटलॉगिंग), संरक्षण और डिजिटलीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस मिशन में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी संग्रहकर्ताओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी काको, सैय्यद मुशर्रफ ईमाम, हामिद हुसैन और सैयद अली ईमाम समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे। यह पहल जिले में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।