ट्रेन से आ रही युवती बनी दरिंदगी का शिकार, बेलागंज में 10 संदिग्ध पकड़े गए

चैन पुलिंग के बाद हुई वारदात, सुरक्षा व्यवस्था कठघरे में

Rashmi Tiwari

गया-पटना रेलखंड पर शुक्रवार शाम एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना बेलागंज थाना क्षेत्र के बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच की है, जहां ट्रेन से उतरते ही युवती को निशाना बनाया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली है और वह ट्रेन से अपने ननिहाल बेलागंज के एक गांव आ रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने ट्रेन की चैन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकने के बाद जैसे ही युवती नीचे उतरी, चार युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।


पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संदेह के आधार पर 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शनिवार को पीड़िता के आवेदन के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article