NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 27 जून। बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 933 पदों पर भर्ती के लिए 28 जून (रविवार) को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा जिला मुख्यालय के 24 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शनिवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर ने केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कार्यपालक सहायकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध प्रवेश-पत्र और फोटो पहचान-पत्र अनिवार्य होगा।

परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी, वीओआईपी (VoIP) हॉटलाइन, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय तथा परीक्षा के दौरान भी फोटोग्राफी कराई जाएगी।
अपर समाहर्ता ने निर्देश दिया कि सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा से एक दिन पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा वीक्षकों और परीक्षा कर्मियों को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार प्रशिक्षण दें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक सहित सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी सुबह 8 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्रवेश द्वार पर स्टैटिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच होगी। फ्रिस्किंग के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कराया जाएगा। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, लिखित सामग्री, सादा कागज या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े जाने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित कर उसके खिलाफ कदाचार के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
