NEWS PR डेस्क: पटना,27 जून। भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून का राज कायम है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई पुलिस पर गोली चलाता है तो पुलिस भी आत्मरक्षा और कानून के तहत जवाबी कार्रवाई करेगी।
मंत्री ने कहा कि बिहार में अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने दोहराया कि पुलिस मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है। एनकाउंटर पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला होने की स्थिति में जवाबी कार्रवाई स्वाभाविक है।

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने विपक्ष को अपने शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय अपहरण, चोरी, डकैती और संगठित अपराध आम बात थी, जबकि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
नागमणि कुशवाहा के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह उनका व्यक्तिगत मत है और उसका सरकार के आधिकारिक रुख से कोई संबंध नहीं है।
