NEWS PR डेस्क : BPSC TRE-4 Recruitment 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के लिए आवेदन प्रक्रिया की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कुल 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.biharegov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, ऑनलाइन शुल्क भुगतान के लिए लिंक 26 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगा।
BPSC TRE-4 Vacancy 2026: किस स्तर पर कितने पद?
आयोग की ओर से जारी विवरण के अनुसार, विद्यालय स्तर के आधार पर रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है: प्राथमिक विद्यालय: 3,847 पद,मध्य विद्यालय: 8,563 पद,,माध्यमिक विद्यालय: 3,877 पद,उच्च माध्यमिक विद्यालय: 16,101 पद । इस तरह BPSC TRE-4 में कुल 32,388 पदों पर भर्ती की जाएगी।
25 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
BPSC TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन लिंक 25 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के साथ निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान भी करना होगा।आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क का भुगतान होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। शुल्क का भुगतान नहीं करने पर आवेदन अधूरा माना जा सकता है और उसे अस्वीकार किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर लें।
एक से अधिक चरणों में हो सकती है परीक्षा
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने की स्थिति में TRE-4 परीक्षा एक से अधिक चरणों में आयोजित की जा सकती है। परीक्षा की तारीख, विस्तृत कार्यक्रम और अन्य आवश्यक निर्देश आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।
बता दें कि चौथे चरण की शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों ने आंदोलन किया था। उनकी एक प्रमुख मांग थी कि प्रीलिम्स और मेन्स परीक्षा का दो चरणों वाला पैटर्न हटाया जाए। इसकी जगह सिंगल एग्जाम आयोजित किया जाए। सरकार ने इसीलिए पुराना भर्ती विज्ञापन रद्द करके नया जारी किया है। बता दें कि टीआरई-1, 2 और 3 भर्ती में भी सिंगल स्टेज सेलेक्शन प्रोसेस था।