वैशाली में 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण से सनसनी, फिरौती कॉल के बाद हत्या की आशंका; गंगा में SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: वैशाली, 22 जुलाई। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत से आठ वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की मांग पूरी नहीं होने पर बच्चे की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शव बरामद होने या ठोस साक्ष्य मिलने तक हत्या की पुष्टि नहीं की जा सकती।

जानकारी के अनुसार, अनिल पंडित का आठ वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार सोमवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

परिजनों के मुताबिक, बच्चे के गायब होने के करीब तीन घंटे बाद अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पहले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी और बाद में रकम घटाकर पांच लाख रुपये कर दी। साथ ही पैसे नहीं देने पर बच्चे की हत्या करने की धमकी भी दी गई।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

घटना के बाद परिजनों ने राघोपुर थाना पुलिस पर शुरुआती स्तर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। परिवार की महिलाओं का आरोप है कि उन्हें थाने से यह कहकर लौटा दिया गया कि पहले घर के पुरुष सदस्य को लेकर आएं।

इधर, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।

बच्चे की तलाश के लिए गंगा नदी में एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का दावा है कि अपहरणकर्ताओं ने फिरौती मांगने के लिए व्हाट्सएप कॉल का इस्तेमाल किया। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि बच्चे ने कथित तौर पर अपहरणकर्ता को पहचान लिया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर शव को गंगा में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

अंकुश स्थानीय निजी विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन बच्चे की तलाश और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article