बिहार के वैभव सूर्यवंशी का बढ़ा कद, TIME की ‘Future 100’ सूची में मिली जगह

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित पत्रिका TIME ने उन्हें भविष्य के 100 प्रभावशाली चेहरों की सूची में शामिल किया है। महज 15 साल की उम्र में वैश्विक क्रिकेट में पहचान बनाने वाले वैभव की प्रतिभा, आक्रामक बल्लेबाजी और तेजी से आगे बढ़ते करियर को TIME ने खास तौर पर रेखांकित किया है।

TIME के एडिटर-एट-लार्ज चार्ली कैंपबेल ने वैभव को भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा बताया है। पत्रिका ने बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचने के उनके सफर का भी उल्लेख किया है।
12 साल की उम्र में शुरू किया पेशेवर क्रिकेट
TIME के मुताबिक, वैभव ने महज 12 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद 2024 में उनके करियर को बड़ी पहचान मिली, जब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें IPL नीलामी में खरीदा। कम उम्र में IPL का हिस्सा बनने के बाद उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा।
अप्रैल 2025 में वैभव ने IPL में इतिहास रचा। 14 साल की उम्र में उन्होंने IPL में खेलते हुए कम उम्र में शतक लगाने की उपलब्धि हासिल की। बड़े मंच पर उनके आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज की काफी चर्चा हुई।
अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन
2026 में वैभव ने भारत की अंडर-19 टीम के साथ बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और टूर्नामेंट के प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए।
इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के लिए सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हुए।
समस्तीपुर से आने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने बेहद कम समय में घरेलू क्रिकेट से IPL और भारतीय टीम तक का सफर तय किया है। अब TIME की ‘Future 100’ सूची में शामिल होना उनके तेजी से बढ़ते क्रिकेट करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Share This Article