मोतिहारी जिले के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव स्थान के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और सामान से लदी पिकअप वैन (मैजिक) की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन सुगौली की ओर से छपरा बहास की तरफ जा रही थी, जबकि बाइक सवार मोतिहारी की दिशा से सुगौली की ओर आ रहे थे। इसी दौरान महादेव स्थान के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान भवानीपुर निवासी विक्कू कुमार और रूपा देवी के रूप में हुई है।

पिकअप सवार भी घायल
हादसे में पिकअप वैन में सवार दो अन्य लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सुगौली भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल बाइक सवारों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की गति तेज थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर इलाके में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करता है। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
