NEWS PR डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच बड़ा राजनीतिक उलटफेर सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने 200 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है और स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने रुझानों को स्वीकार करते हुए हार मान ली है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और सभी को इसे स्वीकार करना चाहिए। हालांकि उन्होंने मतगणना की धीमी प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए। उनके अनुसार, जहां 2021 में गिनती तेजी से पूरी हुई थी, वहीं इस बार कई घंटों में भी सीमित राउंड ही पूरे हो पाए हैं।

अभिषेक बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में मतगणना केंद्र न छोड़ें और सतर्क रहें। उन्होंने कुछ सीटों पर गिनती प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई, जिसमें बर्धमान दक्षिण में दोबारा गिनती और कल्याणी में ईवीएम डेटा में कथित विसंगतियों का जिक्र किया।
इस बीच, राज्य में बीजेपी की बढ़त को “भगवा लहर” के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी ने मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर बंगाल जैसे इलाकों में भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए ममता बनर्जी के गढ़ में सेंध लगा दी है।
हालांकि अंतिम नतीजे अभी घोषित होने बाकी हैं, लेकिन मौजूदा रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार बड़ा बदलाव होने जा रहा है।