पीएम मोदी की मां हीराबेन की याद में मंदिर और स्मारक, बीजेपी विधायक ने रखी आधारशिला

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन मोदी की याद में अब आंध्र प्रदेश में मंदिर और स्मारक बनाया जा रहा है। दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के एक गांव में इस खास मंदिर के निर्माण की शुरुआत हो चुकी है। मंदिर में हीराबेन की संगमरमर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही परिसर में गौशाला और अनाथालय बनाने की भी योजना है।

दरअसल, कुरनूल जिले के यम्मिगनूर मंडल स्थित गुडिकल गांव में माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसाइटी की ओर से इस मंदिर और स्मारक का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार, 15 नवंबर को भूमिपूजन समारोह के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत हुई। इस मौके पर अदोनी से बीजेपी विधायक पीवी पार्थसारथी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम में बीजेपी, जनसेना पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के अलावा गांव के बुजुर्ग और ट्रस्ट के सदस्य भी मौजूद रहे। ट्रस्ट के अध्यक्ष एन. शिवकुमार के मुताबिक, मंदिर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके लिए दानदाताओं और समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग लिया जा रहा है।इस मंदिर की सबसे खास बात यहां स्थापित होने वाली हीराबेन मोदी की संगमरमर की प्रतिमा होगी। करीब 3 लाख रुपये की लागत से तैयार यह प्रतिमा मंदिर का गर्भगृह बनने के बाद स्थापित की जाएगी।

मंदिर परिसर में केवल हीराबेन का स्मारक ही नहीं, बल्कि भगवान शिव, भगवान राम, भगवान गणेश और दक्षिणामूर्ति के मंदिर भी बनाए जाएंगे। ट्रस्ट की योजना सबसे पहले गौशाला बनाने की है। इसके बाद अन्य मंदिरों और अनाथालय का निर्माण कराया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि आर्थिक सहयोग के आधार पर आने वाले महीनों में निर्माण के शुरुआती चरण पूरे हो जाएंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का 30 दिसंबर 2022 को 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। पीएम मोदी कई मौकों पर अपनी मां को याद कर चुके हैं। इससे पहले गुजरात के राजकोट में भी उनकी स्मृति में एक तालाब बनाया गया था, जिसे ‘हीराबा सरोवर’ के नाम से जाना जाता है। अब आंध्र प्रदेश में बनने वाला यह मंदिर भी उनकी यादों को समर्पित होगा।

Share This Article