गया में पुलिस अभिरक्षा से फरार 13 वर्षीय बालक का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:बिहार के गया जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। परैया थाना की पुलिस अभिरक्षा से मंगलवार सुबह फरार हुए 13 वर्षीय बालक का शव कुछ ही देर बाद प्रभुआ गांव के समीप गया-डीडीयू रेलखंड पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना से फरार होने के बाद रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार को बैंक में चोरी के आरोप में पकड़े गए 13 वर्षीय बालक को पूछताछ के लिए परैया थाना में रखा गया था। मंगलवार सुबह वह पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि प्रभुआ गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक बालक का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान फरार हुए उसी बालक के रूप में की।
हादसा या कुछ और? हर पहलू की जांच
प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि बालक चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वह गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारी कर रहे मामले की मॉनिटरिंग
घटना की गंभीरता को देखते हुए टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल और सर्किल इंस्पेक्टर स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी परैया थाना पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। साथ ही, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बालक थाना परिसर से कैसे फरार हुआ।
बैंक में चोरी के आरोप में पकड़ा गया था बालक
पुलिस के अनुसार, सोमवार को दखनेर निवासी निवास सिंह परैया स्थित मध्य बिहार ग्रामीण बैंक में रुपये जमा कराने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोप है कि बालक ने उनके झोले को काटकर उसमें रखे सौ-सौ रुपये के चार बंडल निकाल लिए और भागने लगा। शोर मचने पर निवास सिंह ने बैंक के बाहर ही उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर कथित गिरोह और अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस अभिरक्षा से एक नाबालिग के फरार होने और कुछ ही देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article