पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत
बगहा। पटखौली थाना क्षेत्र के विमल कांत मैदान के पास रेलवे गेट के समीप शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुखबन रोड स्थित पानी टंकी के समीप निवासी तरुण प्रकाश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पटखौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
मृतक के पिता जय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार शाम तरुण बाइक लेकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर स्वजन ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने से तरुण का एक पैर घुटने के पास से कट गया था और माथे पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

अभी किसी पक्ष से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों, पिता और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट :-