भागलपुर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से कुछ महीने पहले शहर से बाहर रिक्शाडीह में बस स्टैंड की शुरुआत की गई थी लेकिन अब यह बस स्टैंड खुद अव्यवस्थाओं का शिकार हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड पर बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव
पहले कोयला डिपो से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों के लिए बसों का संचालन होता था, जिसके कारण शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने रिक्शाडीह बस स्टैंड को चालू किया था। हालांकि, बस स्टैंड पर बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। यहां न तो शौचालय की समुचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध है। गर्मी के मौसम में पूरा परिसर धूल से अटा रहता है, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
टिकट काउंटर भी अधिकांश समय बंद रहता
इसके अलावा, टिकट काउंटर भी अधिकांश समय बंद रहता है, जिससे यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी होती है। खासकर दूर-दराज से आने-जाने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किलें खड़ी कर रही है।स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बस स्टैंड पर आवश्यक सुविधाएं बहाल की जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट