NEWS PR डेस्क: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को अपना 79वां जन्मदिन समर्थकों और परिवार के बीच मनाया। एक ओर राबड़ी आवास में जन्मदिन का जश्न, केक कटिंग और कार्यकर्ताओं के लिए भोज का आयोजन हुआ। जहां एक तरफ जन्मदिन का उत्सव है तो वहीं दूसरी तरफ लालू परिवार इन दिनों कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।सरकारी बंगला और सुरक्षा को लेकर चल रहा विवाद लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

बता दें कि सुबह से ही राबड़ी आवास के बाहर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने लगी। लालू प्रसाद यादव पत्नी राबड़ी देवी का हाथ थामे आवास से बाहर निकले और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राजद सुप्रीमो के जन्मदिन के मौके पर कार्यकर्ताओं के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई थी। लालू यादव ने खुद अपने हाथों से कार्यकर्ताओं को खाना परोसकर उनका अभिवादन किया। जन्मदिन समारोह में 79 पाउंड का विशेष केक भी काटा गया।

बता दें कि परिवार के साथ आयोजित समारोह में राबड़ी देवी ने लालू यादव को अपने हाथों से केक खिलाया। इस मौके पर तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी और बेटियां भी मौजूद रहीं। तेजस्वी यादव ने जन्मदिन की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए अपने पिता को बधाई दी।

सोशल मीडिया पर भावुक
वहीं, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर पिता के प्रति अपना प्यार और सम्मान व्यक्त किया। दोनों ने लालू यादव के साथ तस्वीरें पोस्ट करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।राजनीतिक गलियारों से भी लालू यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं मिलीं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। वहीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी फोन कर लालू यादव को शुभकामनाएं दीं।

लालू परिवार इन दिनों कई चुनौतियों का भी सामना कर रहा है
हालांकि जन्मदिन के इस उत्सव के बीच लालू परिवार इन दिनों कई चुनौतियों का भी सामना कर रहा है। भवन निर्माण विभाग द्वारा राबड़ी आवास खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद परिवार को जल्द ही यह सरकारी आवास छोड़ना पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार परिवार कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा है।सरकार की ओर से 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास आवंटित किया गया है।

आवास पर तैनात सुरक्षा बलों को वापस भेज दिया
इसी बीच बिहार सरकार द्वारा लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेने का फैसला भी चर्चा में है। इस निर्णय के विरोध में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव ने अपनी Y+ श्रेणी की सुरक्षा लौटाने का निर्णय लिया है। राबड़ी देवी ने भी अपने आवास पर तैनात सुरक्षा बलों को वापस भेज दिया।जन्मदिन के जश्न और राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच लालू यादव एक बार फिर बिहार की राजनीति के केंद्र में बने हुए हैं।
