बिहार दौरे पर CEC ज्ञानेश कुमार, मतदाताओं से करेंगे संवाद; 17 अगस्त को ELC 2.0 की लॉन्चिंग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर रविवार को पटना पहुंचे। बिहार पहुंचने के बाद वह सीतामढ़ी, वैशाली और मधुबनी के दौरे के लिए रवाना हुए। अपने दौरे के दौरान CEC चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक करने के अलावा मतदाताओं से भी संवाद करेंगे।

बिहार पहुंचते ही लोकतंत्र में मतदाताओं की भागीदारी को सराहा
पटना पहुंचने पर ज्ञानेश कुमार ने बिहार की धरती को नमन किया। उन्होंने हाल में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2025 का विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और आजादी के बाद राज्य में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बड़ी संख्या में भागीदारी के लिए बिहार के मतदाताओं की सराहना की। CEC ने वैशाली समेत पूरे बिहार के मतदाताओं का अभिनंदन भी किया।
17 अगस्त को बिहार से लॉन्च होगा ELC 2.0
ज्ञानेश कुमार के बिहार दौरे का एक अहम कार्यक्रम Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 से जुड़ा है। चुनाव आयोग की इस पहल को 17 अगस्त को पटना के ज्ञान भवन से देशभर में लॉन्च किया जाएगा।ELC 2.0 के जरिए खासतौर पर बच्चों और युवाओं को चुनावी प्रक्रिया, लोकतंत्र और मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को चुनाव व्यवस्था, उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदान की भूमिका से संबंधित जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
नालंदा में BLO के साथ बैठक करेंगे CEC
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि 17 अगस्त को वह नालंदा में BLO (Booth Level Officer) के साथ भी बैठक करेंगे। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बिहार दौरे के दौरान चुनाव आयोग की तैयारियों, मतदाता जागरूकता और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ संवाद को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article