NEWS PR डेस्क: पटना, 24 जून 2026। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बांका के पूर्व सांसद स्वर्गीय दिग्विजय सिंह की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय दिग्विजय सिंह के जनसेवा, विकास कार्यों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
जमुई जिले के नगायागंज स्थित ज्ञानी-अरकोटी-केदार नदी तट पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय दिग्विजय सिंह के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय दिग्विजय सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनहित और क्षेत्रीय विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। समाज और जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणादायी रहेगी। इस अवसर पर स्वर्गीय दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी एवं पूर्व सांसद पुतुल कुमारी तथा उनकी पुत्री उद्योग तथा खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, जमुई के सांसद अरुण भारती, पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह सहित कई विधायकगण, विधान पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे ।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय दिग्विजय सिंह के राजनीतिक योगदान, जनसरोकारों और विकासोन्मुखी सोच को याद करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
