छठ विवाद पर राज ठाकरे को प्रशांत किशोर का करारा जवाब, बोले- बिहार-UP के खिलाफ बयान देकर बटोरते हैं सुर्खियां

Rashmi Tiwari

बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे की कथित विवादित बयानबाजी के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। छठ पूजा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर की गई उनकी हालिया पोस्ट ने राजनीतिक विवाद को हवा दे दी है। अब इस मामले में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राज ठाकरे पर निशाना साधा है।
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने राज ठाकरे की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें सुर्खियों में बने रहने की आदत है। जब कोई उन पर ध्यान नहीं देता, तो वे जानबूझकर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ बयानबाजी करते हैं, ताकि मीडिया में चर्चा का विषय बन सकें।

प्रशांत किशोर ने तल्ख अंदाज में कहा कि ऐसे लोगों को किसी तरह की अहमियत या मंच नहीं देना चाहिए। उनका आरोप है कि राज ठाकरे का एकमात्र मकसद किसी भी तरह मीडिया की सुर्खियों में बने रहना है। उन्होंने कहा कि जब छह महीने तक उनकी चर्चा नहीं होती, तब वे बिहार या उत्तर प्रदेश के लोगों को लेकर कोई न कोई टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर देते हैं।गौरतलब है कि लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राज ठाकरे की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हलकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मुद्दे ने एक बार फिर क्षेत्रीय अस्मिता और राज्यों के बीच आपसी सम्मान को लेकर बहस छेड़ दी है।वहीं, प्रशांत किशोर ने अपने बयान के जरिए साफ कर दिया है कि क्षेत्रीय भेदभाव को बढ़ावा देने वाली बयानबाजी को राजनीतिक तवज्जो देने के बजाय नजरअंदाज किया जाना चाहिए।

Share This Article