बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पेंटिंग में भरे रंग; PTM में अभिभावकों से संवाद

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को दानापुर के रामजीचक स्थित राजकीय मध्य विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जनरेशन अल्फा के बच्चों से सीधे संवाद किया। स्कूल में आयोजित पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) और पेंटिंग प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रदर्शन और स्कूल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश यादव और रामकृपाल यादव भी मौजूद रहे।

PTM के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों और उनके अभिभावकों से बातचीत की। उन्होंने एक छात्रा के अभिभावक से उसकी पढ़ाई और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। अभिभावक ने बताया कि स्कूल में निजी स्कूल जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने छात्रा से उसके अंक पूछे। 300 में 189 अंक मिलने पर उन्होंने प्रदर्शन में सुधार करने की सलाह दी और कम से कम 280 अंक हासिल करने का लक्ष्य रखने को कहा।


एक अन्य छात्र के 179 अंक आने पर भी मुख्यमंत्री ने पढ़ाई में और मेहनत करने की बात कही। उन्होंने बच्चों से उनकी उपस्थिति, पढ़ाई और भविष्य की तैयारी को लेकर सवाल किए।
मुख्यमंत्री ने मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर भी विद्यार्थियों को सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगर पढ़ाई में आगे बढ़ना है तो पढ़ाई के समय मोबाइल से दूरी बनानी होगी। एक छात्रा निशा ने बताया कि वह करीब आधा घंटा मोबाइल इस्तेमाल करती है। मुख्यमंत्री ने उसे भी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कक्षा 8वीं से 12वीं तक का समय बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत करने के लिए अहम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई और प्रदर्शन पर नियमित नजर रखने तथा शिक्षकों के साथ मिलकर कमियों को दूर करने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह भी बढ़ाया और खुद पेंटिंग में सूरज की तस्वीर में रंग भरते नजर आए।

उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए शिक्षा जरूरी है। अगले कुछ वर्षों की पढ़ाई ही भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी मुख्यमंत्री ने स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों से विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, अंक और पढ़ाई के स्तर पर नियमित ध्यान देने की बात कही।

Share This Article