मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से बदली तकदीर, होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय से बने आत्मनिर्भर, इतने लोगों को मिला रोजगार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मधुबनी,02 जुलाई। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जिले के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है। इसका एक सफल उदाहरण रहिका प्रखंड के युवा उद्यमी प्रकाश झा हैं, जिन्होंने योजना के तहत मिली वित्तीय सहायता से होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसाय शुरू कर न सिर्फ अपनी अलग पहचान बनाई, बल्कि कई लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित किए।

प्रकाश झा ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना अपना होटल और रेस्टोरेंट खोलने का था। सोशल मीडिया और उद्योग विभाग द्वारा आयोजित उद्यमिता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की जानकारी मिली। चयन होने के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता मिली, जिससे उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से लैस होटल एवं रेस्टोरेंट की स्थापना की।

उन्होंने बताया कि व्यवसाय की शुरुआत के दौरान पूंजी, विपणन और संचालन जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि उद्योग विभाग के मार्गदर्शन और सरकारी सहायता के बल पर उन्होंने इन कठिनाइयों को पार कर लिया। आज उनका रेस्टोरेंट स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक यहां पहुंचते हैं, जिससे उनकी आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

प्रकाश झा के इस उद्यम से छह अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है। इससे कई परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। भविष्य में वे मधुबनी जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अपने रेस्टोरेंट की शाखाएं खोलने की योजना पर काम कर रहे हैं।

प्रकाश झा का मानना है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं की जानकारी और मेहनत का साथ मिले तो वे भी सफल उद्यमी बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने की अपील की।

Share This Article