NEWS PR डेस्क : बिहार के भागलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की तुलना बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल की राजनीतिक परिस्थितियों से करना विपक्ष की गलत सोच को दर्शाता है। अगर विपक्ष भारत में भी ऐसी स्थिति पैदा करने का सपना देख रहा है, तो यह उसकी गलतफहमी है।
चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह नेपाल में तख्तापलट की स्थिति बनी, पाकिस्तान में सेना के हस्तक्षेप से सत्ता परिवर्तन होता रहा और दुनिया के कई देशों में राजनीतिक अस्थिरता देखने को मिल रही है, वैसी परिस्थितियों की कल्पना भारत में करना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने प्रदर्शनों के जरिए विदेशी ताकतों की सोच को बल देने का काम कर रहा है। भारत जैसे मजबूत लोकतंत्र में इस तरह की राजनीति विपक्ष की भूमिका नहीं हो सकती।
सदन की कार्यवाही और ईवीएम पर भी उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष की ओर से महाभियोग की चर्चा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष बाहर लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं की बात करता है, लेकिन जब संसद का सत्र चलता है तो सदन की कार्यवाही बाधित करता है।
चिराग ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश में उसकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष ईवीएम पर सवाल खड़े कर रहा है, जबकि उसे अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए।
विंटर सेशन को लेकर भी विपक्ष पर निशाना
आगामी विंटर सेशन का जिक्र करते हुए चिराग पासवान ने आशंका जताई कि विपक्ष एक बार फिर इन्हीं मुद्दों को बहाना बनाकर पूरे सत्र का बहिष्कार कर सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अगर अपनी ऊर्जा सदन की कार्यवाही बाधित करने के बजाय आत्ममंथन में लगाता, तो शायद आज उसे अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने का मौका मिल सकता था।
भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;