सीएम नीतीश ने 4954 ANM को बांटे नियुक्ति पत्र, ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 08 अप्रैल। बिहार में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 4954 नई एएनएम (महिला स्वास्थ्यकर्मी) को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नवनियुक्त अभ्यर्थी मौजूद रहीं।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय समेत कई मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं में भी सुधार आएगा, जिससे राज्य की समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल सिर्फ रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य राज्य के गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई नियुक्त स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी, क्योंकि यह क्षेत्र सीधे लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से विनीता कुमारी, स्वाति कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उपस्थित महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

Share This Article