NEWS PR डेस्क: पटना, 11 जुलाई 2026: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बिहार के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को और गति देगा। उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त के बाद वह स्वयं सभी जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम भी करेंगे।
लोक सेवक आवास स्थित ‘नेक संवाद’ में शुक्रवार को आयोजित एनडीए की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं, संगठन की भूमिका और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, विभिन्न दलों के प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री एवं जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
15 अगस्त के बाद शुरू होगा जिलों का दौरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त के बाद वह राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला भ्रमण के दौरान वे स्थानीय स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने के साथ संबंधित अधिकारियों से भी समीक्षा बैठक करेंगे।
मार्च से पहले सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज निर्माण शुरू करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मार्च 2027 से पहले राज्य के सभी जिलों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों का निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एक करोड़ नए पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार से आवश्यक विचार-विमर्श हो चुका है। उन्होंने एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड के लिए आवेदन कराने में सहयोग करें।
हर घर सोलर अभियान में संगठन निभाएगा भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ के तहत बिहार में हर घर को सौर ऊर्जा से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2.5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।
हर तीन महीने पर होगी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री एवं एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हर तीन महीने पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संवाद बना रहेगा।
20 सूत्री समिति और नागरिक परिषद की सिफारिशों पर बनेगी जिला समिति
मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 सूत्री समिति और नागरिक परिषद से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे तथा जरूरत के अनुसार जिला स्तर पर समितियों का गठन भी किया जाएगा।
सहयोग शिविर से 30 दिन में होगा आवेदन का निपटारा
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने प्रत्येक माह जनकल्याण के लिए पांच विशेष कार्य दिवस निर्धारित किए हैं। प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर हर हाल में निपटारा सुनिश्चित किया जाता है।
यदि किसी आवेदक की समस्या का समाधान निर्धारित समय में नहीं हो पाता है तो उसका मामला प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में सुना जाता है।
हर महीने 10 तारीख को पेंशन राशि का भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को लगभग एक करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्णय से पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह की गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए रोजगार योजनाएं, घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी जैसी योजनाओं के कारण राज्य सरकार पर लगभग 9 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आया है, जिसे सरकार जनहित में वहन कर रही है।
विकास की निरंतरता पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का जो संकल्प लिया था, उसे वर्तमान सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि सामान्यतः सत्ता परिवर्तन के साथ प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुई विकास यात्रा की निरंतरता बनी हुई है और विकास की किरण गांव-गांव तक पहुंची है।
पंचायत विकास दिवस और जनभागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ मनाया जाता है। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाती है।
बैठक में जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, राज्य सरकार के मंत्रीगण, एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
