NEWS PR डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को सुपौल जिले के बलुआ पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पैतृक गांव बलुआ में आयोजित उनकी पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 18 किलोमीटर लंबी कोसी-मेची लिंक परियोजना का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक की।

हेलीकॉप्टर से बलुआ पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर बलुआ में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री बलुआ बाजार स्थित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के स्मृति स्थल पहुंचे। इस दौरान डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र और बिहार सरकार में मंत्री नीतीश मिश्रा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण किया और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में जुटे कई जनप्रतिनिधि
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के अलावा छातापुर विधायक नीरज कुमार बबलू, पिपरा विधायक रामविलास कामत, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम सरदार समेत अन्य नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी बलुआ पहुंचे। प्रतिमा अनावरण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ देखने को मिली।
कोसी-मेची लिंक परियोजना का किया निरीक्षण
डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 18 किलोमीटर लंबी कोसी-मेची लिंक परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति और इससे जुड़े कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की वर्तमान स्थिति, कार्य की प्रगति और आगे की कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
CM के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलुआ में व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम स्थल और सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।