बांका में CM सम्राट चौधरी का पहला दौरा: तिलडीहा दुर्गा मंदिर में की पूजा-अर्चना, विकास कार्यों का लिया जायजा

धार्मिक आस्था से विकास तक—सीएम सम्राट चौधरी का पहला दौरा चर्चा में

Rashmi Tiwari

बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी रविवार को अपने पहले आधिकारिक दौरे पर बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड स्थित प्रसिद्ध तिलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे। इस दौरे को लेकर प्रशासन से लेकर स्थानीय लोगों तक में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों और एनडीए नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे मां भगवती के गर्भगृह में पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर कमिश्नर, आईजी, जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा सहित जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नदी पर निर्माणाधीन पुल और रिवर फ्रंट सौंदर्याकरण योजना का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान जगह-जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत गेट पर सघन जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी गई। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में रहे। गौरतलब है कि तिलडीहा दुर्गा मंदिर पूर्वी बिहार का एक प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है, जिसे तांत्रिक शक्ति सिद्ध पीठ के रूप में भी जाना जाता है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह अमरपुर विधायक जयंत राज, धौरेया विधायक मनीष कुमार, बेलहर विधायक मनोज यादव सहित कई एनडीए नेता उपस्थित रहे।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article