सासाराम में नगर निगम की कार्रवाई पर विवाद, बुजुर्ग महिला के कद्दू जब्त करने से उठे सवाल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: सासाराम, 09 अप्रैल। शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच नगर निगम की एक कार्रवाई ने संवेदनशीलता को लेकर बहस छेड़ दी है। सड़क किनारे सब्जी बेचकर गुजारा करने वाली एक बुजुर्ग महिला के पास से महज पाँच कद्दू जब्त किए जाने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सासाराम में बुधवार को चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान यह मामला सामने आया। बताया जाता है कि सदर एसडीएम डॉ नेहा कुमारी एक बैठक से निकल रही थीं, तभी उनकी नजर सड़क किनारे बैठी बुजुर्ग महिला बसंती देवी पर पड़ी। महिला अपनी टोकरी में चार-पाँच कद्दू रखकर बेच रही थी।

एसडीएम के निर्देश पर नगर निगम के कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला की टोकरी समेत सभी कद्दू जब्त कर लिए और उन्हें नगर निगम कार्यालय ले जाया गया। इस दौरान बुजुर्ग महिला अपने सामान को वापस पाने के लिए कर्मियों के पीछे-पीछे कार्यालय तक पहुंची।

बताया जा रहा है कि बसंती देवी ने अपनी आजीविका का हवाला देते हुए अधिकारियों से काफी देर तक कद्दू लौटाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। काफी प्रयास के बावजूद उन्हें अपनी सब्जियां वापस नहीं मिल सकीं।

इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों पर बड़े पैमाने पर स्थायी अतिक्रमण मौजूद है, जिससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इसके बावजूद छोटे विक्रेताओं पर सख्ती और बड़े अतिक्रमणकारियों पर नरमी को लेकर लोग प्रशासन की आलोचना कर रहे हैं।

हालांकि नागरिकों ने अतिक्रमण हटाने के अभियान की जरूरत को स्वीकार किया है, लेकिन इस तरह की कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए प्रशासन से संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की जा रही है।

Share This Article