नरकटियागंज में 14 मवेशियों के साथ क्रूरता, ग्रामीणों ने पकड़ा पिकअप, तस्कर फरार

ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया पिकअप वाहन, 14 मवेशी अमानवीय हालत में मिले; तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Rashmi Tiwari

NEWS PR DESK: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में पशु क्रूरता का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। शिकारपुर थाना क्षेत्र के मझरिया गांव में शुक्रवार देर रात एक छोटे पिकअप वाहन में 14 मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों की सतर्कता से वाहन तो पकड़ा गया, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तस्करों ने पिकअप वाहन को दो मंजिला ढंग से तैयार कर उसमें मवेशियों को इस तरह भर दिया था कि वे न ठीक से खड़े हो पा रहे थे और न ही हिल-डुल पा रहे थे। दम घुटने और लंबे समय तक एक ही स्थिति में रहने के कारण कई मवेशियों की हालत गंभीर हो गई। वाहन से उतारने के बाद कई पशु अपने पैरों पर खड़े होने में भी असमर्थ दिखे।
ग्रामीणों ने जब संदिग्ध पिकअप को देखा तो उसे रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन के टायरों की हवा निकाल दी और तत्काल शिकारपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, ग्रामीणों ने पशुओं के साथ क्रूरता करने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही पशु तस्करी और पशु क्रूरता पर प्रभावी रोक लगा सकती है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article