NEWS PR डेस्क: विश्व शांति, करुणा और अहिंसा के प्रतीक परम पावन दलाई लामा का 91वां जन्मोत्सव रविवार को बोधगया में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाबोधि मंदिर में उनकी दीर्घायु एवं विश्व कल्याण की कामना को लेकर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद इंडियन नेशनल बुद्धिस्ट काउंसिल (IBC) के तत्वावधान में एक निजी होटल में भव्य समारोह आयोजित हुआ।

देश-विदेश से पहुंचे बौद्ध अनुयायी
समारोह में देश-विदेश से आए बौद्ध अनुयायियों, विभिन्न बौद्ध मठों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। इस दौरान बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत सहित विशिष्ट अतिथियों को पारंपरिक खादा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सिक्किम समेत कई राज्यों से पहुंचे अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
विश्व शांति और मानवता का संदेश
कार्यक्रम के आयोजक आमची लंबा ने बताया कि बोधगया में 100 से अधिक बौद्ध मठ हैं और इंडियन नेशनल बुद्धिस्ट काउंसिल पिछले दो वर्षों से दलाई लामा का जन्मोत्सव सामूहिक रूप से मना रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि विश्व शांति, करुणा, मानवता और सह-अस्तित्व के संदेश को समाज तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
भाईचारा मजबूत होगा तो देश भी मजबूत होगा
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि दलाई लामा का संपूर्ण जीवन प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करना सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, “भाईचारा मजबूत होगा तो देश भी मजबूत होगा।” साथ ही सभी लोगों से प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का समापन दलाई लामा की दीर्घायु और विश्व शांति की कामना के साथ केक काटकर किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों के बीच प्रसाद वितरित किया गया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर समारोह संपन्न हुआ।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
