NEWS PR डेस्क: बहेड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात शराब से लदा एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ट्रक में लदी शराब की बोतलें निकालने और ले जाने की होड़ मच गई। घटना बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर परवाहा बांध के पास हुई। हादसे के कई घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
रात 2 बजे परवाहा बांध के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बघौल-अटहर मुख्य सड़क के बीच परवाहा बांध के पास बुधवार देर रात करीब 2 बजे शराब लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटने की आवाज और घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक के पलटने के बाद लोग उसमें लदी शराब की बोतलें निकालने लगे। देखते ही देखते शराब ले जाने को लेकर मौके पर होड़ मच गई। इस दौरान ट्रक से काफी मात्रा में शराब निकाले जाने की बात सामने आ रही है।

सुबह करीब 6:30 बजे पहुंची पुलिस
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम करीब सुबह 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक वहां लोगों की भीड़ मौजूद थी। हालांकि, ट्रक से कितनी शराब निकाली गई और कितनी शराब मौके पर बची थी, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया साथ ही ट्रक और आसपास के इलाके की जानकारी जुटाई जा रही है। शराब की बोतलें ले जाने वाले लोगों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी की जा सकती है।
ट्रक का नंबर HR 45C 8635
हादसे में पलटा शराब लदा ट्रक हरियाणा नंबर का बताया जा रहा है। ट्रक का पंजीकरण नंबर HR 45C 8635 है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रक में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रक पलटने की वजह क्या थी, उसमें कितनी शराब लदी थी और शराब लूटने की घटना में कितने लोग शामिल थे।
दरभंगा से रिपोर्टर: रवि झा