उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की अपील का असर, सैकड़ों अधिकारी ड्यूटी पर लौटे

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों की हड़ताल के बीच अब स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अपील का असर दिखने लगा है और करीब 300 अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी वापस काम पर लौट आए हैं।

विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को अधिकारियों से अपील करते हुए स्पष्ट किया था कि जो अधिकारी 24 घंटे के भीतर काम पर लौटेंगे, उनके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही हड़ताल की अवधि का भी समायोजन करने का भरोसा दिया गया था। उन्होंने कहा था कि सरकार टकराव नहीं, बल्कि संवाद और समन्वय के जरिए जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहती है।

राजस्व विभाग के लिए मार्च का महीना बेहद अहम माना जाता है। इस दौरान एक तरफ मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जारी है, वहीं दूसरी ओर राजस्व महा अभियान के तहत लगभग 46 लाख आवेदनों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही ई-मापी अभियान भी चल रहा है, जिसे 31 मार्च तक पूरा करना है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उपमुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि अंचल कार्यालयों का काम सीधे आम जनता की जमीन, प्रमाण-पत्र और अन्य राजस्व सेवाओं से जुड़ा होता है। ऐसे में इन सेवाओं में बाधा आने से लोगों को परेशानी होती है। इसी वजह से अधिकारियों से जनहित को प्राथमिकता देते हुए काम पर लौटने की अपील की गई थी।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि काम पर लौटने वाले अधिकारियों का योगदान तुरंत सुनिश्चित किया जाए। किसी भी तरह की लापरवाही या शिकायत पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

विजय कुमार सिन्हा ने दोहराया कि सरकार अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है, लेकिन प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और अधिकारी भी काम पर लौटेंगे, जिससे सभी जनहितकारी योजनाएं तय समयसीमा में पूरी हो सकें।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article