‘इस बार मुझे मत चुनना’… पवन सिंह के इमोशनल वीडियो के बाद ज्योति सिंह की पोस्ट वायरल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह इन दिनों रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के एक प्रोमो में पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद कर भावुक होते नजर आए। उन्होंने नीलम को अपने जीवन की देवी बताते हुए उनके निधन से जुड़ी भावनाओं को साझा किया।

इसी बीच पवन सिंह की दूसरी पत्नी ज्योति सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है। ज्योति ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भावुक अंदाज में अपनी बात रखी है।
ज्योति सिंह ने लिखा- ‘तुम्हारी कहानी नहीं बनना चाहती
ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल स्टोरी शेयर की। इसमें उन्होंने लिखा कि प्रिय पतिदेव, यदि नियति फिर कभी हमें एक ही कहानी में लिखे, तो इस बार मेरा नाम अपने हिस्से से मिटा देना…।। पोस्ट में ज्योति ने प्रेम और रिश्तों को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए लिखा कि प्रेम की सबसे बड़ी तकलीफ सिर्फ बिछड़ना नहीं, बल्कि किसी के साथ रहकर भी उसके जीवन में अपनी जगह तलाशते रहना है। उन्होंने आगे लिखा कि अगर प्रेम निभाना संभव न हो तो किसी का जीवन न चुना जाए और अगर प्रेम निभाना संभव हो, तो इस बार उन्हें न चुना जाए। पोस्ट की आखिरी पंक्ति में ज्योति ने लिखा कि वह दुआ बनकर रह लेंगी, लेकिन इस बार किसी की कहानी नहीं बनना चाहतीं।
नीलम को याद कर भावुक हुए पवन सिंह
दरअसल, ‘भोजपुरी बवाल’ के एक प्रोमो में पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह की तस्वीर के सामने भावुक नजर आ रहे हैं। प्रोमो में वह तस्वीर की आरती उतारते और फूल-माला चढ़ाते दिखाई देते हैं। पवन सिंह ने नीलम को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में एक देवी को पाया था, लेकिन उसे खो दिया। उन्होंने नीलम को अपने जीवन की देवी बताते हुए उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

प्रोमो में पवन सिंह नीलम की मौत से जुड़ी घटना को याद करते हुए भी भावुक हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि घर लौटकर कमरे का दरवाजा खोलने के बाद उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी पूरी दुनिया खत्म हो गई हो।पवन सिंह के इस भावुक प्रोमो के सामने आने के बाद ज्योति सिंह की इंस्टाग्राम स्टोरी ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।

Share This Article