NEWS PR डेस्क : दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच पटना में पूजा पंडालों के लिए बिजली कनेक्शन को लेकर पेसू ने शुल्क और सुरक्षा मानक तय कर दिए हैं। इस बार पूजा समितियों को पंडाल में अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए निर्धारित सर्विस कनेक्शन शुल्क का भुगतान करना होगा। पेसू (पटना इलेक्ट्रिक सप्लाई यूनिट) ने साफ किया है कि तय शुल्क में किसी तरह की सब्सिडी नहीं मिलेगी और कनेक्शन शुल्क पर जीएसटी भी नहीं लिया जाएगा।
पेसू के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता दिलीप कुमार सिंह की ओर से जारी निर्देश में अधिकारियों को पूजा पंडालों को स्वीकृत लोड के आधार पर ही बिजली कनेक्शन देने को कहा गया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कोई भी पूजा पंडाल बिजली कनेक्शन से वंचित न रहे।
शुल्क की बात करें तो एक केवीएएच लोड पर कुल 1,878 रुपये तक शुल्क निर्धारित किया गया है। इसमें लोड, पावर फैक्टर, दिन और घंटे के शुल्क के अलावा सर्विस कनेक्शन और आवेदन शुल्क शामिल हैं। चार केवीएएच तक के कनेक्शन के लिए 800 रुपये सर्विस कनेक्शन और 150 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, चार केवीएएच से अधिक लोड पर 1,800 रुपये सर्विस कनेक्शन और 400 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित है।
अधिकांश पूजा पंडाल 10 से 20 किलोवाट तक का अस्थायी कनेक्शन लेते हैं, जो तीन दिनों के लिए दिया जाता है। बड़े पंडालों में यह मांग 70 से 80 किलोवाट तक पहुंच जाती है। पेसू ने सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। पंडालों में भारतीय विद्युत नियम, 1956 के मानकों का पालन जरूरी होगा। बिजली के तारों और पंडाल के बीच निर्धारित वर्टिकल और हॉरिजांटल क्लियरेंस बनाए रखना अनिवार्य होगा। पूजा के दौरान सभी विद्युत प्रमंडलों में तीनों शिफ्ट में कंट्रोल रूम भी संचालित किए जाएंगे।