गाड़ी का नंबर जारी करने के बदले मांगी रिश्वत, सुपौल DTO ऑफिस में 15 हजार लेते कर्मचारी गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: सुपौल: जिला मुख्यालय स्थित जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में गुरुवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद DTO कार्यालय में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान नंदलाल कुमार के रूप में हुई है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक विंध्याचल प्रसाद के अनुसार, यह कार्रवाई एक शिकायत के सत्यापन के बाद की गई।
गाड़ी के बिहार नंबर के लिए मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, ललितग्राम थाना क्षेत्र के मधुबनी निवासी मोहम्मद अजहर अली ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें अपनी गाड़ी के लिए बिहार का नंबर लेना था, जिसके लिए उन्होंने DTO कार्यालय में आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन के निष्पादन के एवज में डाटा एंट्री ऑपरेटर नंदलाल कुमार ने उनसे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद निगरानी ने किया सत्यापन
परिवादी रिश्वत देने के इच्छुक नहीं थे। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। विभागीय स्तर पर शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया। इसके बाद निगरानी ब्यूरो ने ट्रैप की योजना बनाई और इसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
DTO कार्यालय में ट्रैप कर गिरफ्तारी
गुरुवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम DTO कार्यालय पहुंची। पुलिस के अनुसार, परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए नंदलाल कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि तत्काल कार्रवाई के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुपौल से अल्ताफ राज की रिपोर्ट

Share This Article