पश्चिम चंपारण :भारत-नेपाल सीमा से सटे पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ प्रखंड में प्रशासन ने नो मैन्स लैंड पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। शनिवार को मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बभनौली मौजा स्थित नो मैन्स लैंड पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अंचल प्रशासन ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी की मौजूदगी में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहा तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

अभियान के दौरान प्रशासन ने प्रेम यादव, विरेन्द्र यादव, तक्षशिला पंडित और किशोरी पंडित द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया। प्रशासन की यह कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
अंचलाधिकारी सुमन्त कुमार ने बताया …
मैनाटांड़ के अंचलाधिकारी सुमन्त कुमार ने बताया कि नो मैन्स लैंड की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने तथा कानून का पालन करने की अपील की। अभियान के दौरान मैनाटांड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज
